पांच साल की शादी, दो छोटे बच्चे… गरखा में विवाहिता की संदिग्ध मौ-त

News4Bihar: गरखा प्रखंड क्षेत्र के रामपुर वीरभान गांव में सोमवार को एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतका की पहचान रामपुर वीरभान गांव निवासी प्रभात पांडेय की 26 वर्षीय पत्नी संध्या कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संध्या की शादी करीब पांच वर्ष पहले प्रभात पांडेय से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं।

परिजनों के अनुसार सोमवार को घर के अंदर कमरे में संध्या का शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पाकर गढ़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति प्रभात पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतिका के पति प्रभात कुमार पाण्डेय की गिरफ्तारी कर पूछताछ की जा रही है तथा पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।