परिसीमन (द्वितीय) विधेयक 2026 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मुहर, संसद के विशेष सत्र से पहले बढ़ी सियासी हलचल

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक और संवैधानिक हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत लोकसभा को परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पर विचार करने की सिफारिश कर दी है। इसे आगामी संसदीय कार्यवाही से पहले एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया माना जा रहा है।

 

लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के मुताबिक, राष्ट्रपति की यह सिफारिश केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से 27 नवंबर को लोकसभा महासचिव को भेजे गए पत्र के बाद आई है।

क्या कहता है संविधान का अनुच्छेद 117(3)?

संविधान के अनुच्छेद 117(3) के अनुसार, यदि किसी विधेयक के कानून बनने और लागू होने से भारत की संचित निधि से खर्च होने की संभावना है, तो संसद के किसी भी सदन में उसे पारित करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश आवश्यक होती है। राष्ट्रपति की इस सिफारिश के साथ विधेयक को लेकर जरूरी संवैधानिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

पुराने विधेयकों की जगह नए प्रस्ताव लाने की तैयारी

यह घटनाक्रम केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से संशोधित विधायी पैकेज को मंजूरी दिए जाने के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। सरकार अब अप्रैल में पेश किए गए पुराने विधेयकों को वापस लेकर सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में नए मसौदे पेश करने की तैयारी में है।

गौरतलब है कि अप्रैल में पेश किया गया संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाने के कारण पारित नहीं हो सका था।

अब नए विधायी प्रस्तावों के जरिए परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सरकार की अगली रणनीति सामने आने की उम्मीद है। संसद के विशेष सत्र में इन प्रस्तावों पर होने वाली चर्चा और राजनीतिक दलों का रुख काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।