- विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता कासंकल्प
News4Bihar | रूपेश मिश्रा | कटिहार : स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से माय भारत कटिहार की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत हरि शंकर नायक उच्च विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ पर्यावरण एवं कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान समृद्धि कुमारी, द्वितीय चांदनी कुमारी एवं तृतीय स्थान खुशी कुमारी ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। माय भारत के युवा स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की और एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण किया।
माय भारत कटिहार की ओर से बताया गया कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, श्रमदान और जनभागीदारी से जोड़ना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक कृष्ण कुमार कौशिक, दीपक कुमार, शिव नारायण मंडल, रोशन रंजन, चंदन झा, सुनील झा सहित माय भारत के युवा स्वयंसेवक कुणाल कुमार, अंजली कुमारी, आनंद कुमार, ताराचंद मंडल, संतोष कुमार ठाकुर एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










