कटिहार में मद्य निषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, 11 गिरफ्तार; 197 लीटर से अधिक शराब बरामद

  कटिहार। जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार कटिहार मद्य निषेध टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों से टीम ने 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 197.45 लीटर शराब, एक टोटो, एक बाइक और एक साइकिल बरामद की गई है।

मद्य निषेध टीम के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के नया टोला फुलवारी से आरती देवी को 36.750 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सर तुलसी कॉलेज के पास से विक्रम कुमार को बाइक पर 12.975 लीटर विदेशी शराब ले जाते पकड़ा गया।

मनिहारी थाना क्षेत्र के हंसवर से मुकेश ऋषि, अंकज यादव और बीरबल कुमार को टोटो में 74 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं ओलिपुर से अखिलेश कुमार सिंह को साइकिल से 30 लीटर चुलाई शराब ले जाते पकड़ा गया।

इसके अलावा कड़वा थाना क्षेत्र के कानहोर से सिकंदर शर्मा के पास से 15 लीटर चुलाई शराब, कोढ़ा थाना क्षेत्र के नक्कीपुर से शीला देवी के पास से 9 लीटर बीयर, सूदानी थाना क्षेत्र के बसंतपुर से शिबू राय के पास से 8.7 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

मनसाही थाना क्षेत्र के कौवाबाड़ी से दिलीप हांसदा को 6 लीटर चुलाई शराब तथा कजरा बसंतपुर से प्रदीप उरांव को 5 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

मद्य निषेध टीम के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 11 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। टीम ने एक टोटो, एक बाइक, एक साइकिल के साथ कुल 197.45 लीटर शराब बरामद की है, जिसमें 67.425 लीटर विदेशी शराब और 130 लीटर चुलाई शराब शामिल है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मद्य निषेध टीम ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।