News4Bihar | रूपेश मिश्रा (कटिहार) कटिहार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चोरी के मामले में रेलवे पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का करीब 42 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट और छह हजार रुपये नकद बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर एसआई प्रीति कुमारी के नेतृत्व में एसआई सारिका कुमारी एवं सीआईबी टीम, कटिहार ने जीआरपी जवानों के सहयोग से कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर ट्रेन संख्या 63301 से तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक सोने का लॉकेट और छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने का लॉकेट एक अज्ञात महिला यात्री से चोरी किया गया था।
बरामद सामान को जब्त करते हुए एसआई प्रीति कुमारी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गिरफ्तार तीनों महिलाओं को जब्त सामान के साथ जीआरपी कटिहार थाना के हवाले कर दिया गया। मामले में जीआरपी कटिहार ने कांड संख्या 158/26, दिनांक 09 अगस्त 2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान समिना खातून (30), पति मोहम्मद नजरूल, साकिला खातून (50), पति मोहम्मद मुर्तुजा तथा निकहत परवीन, पिता मोहम्मद अयूब खान, सभी निवासी समस्तीपुर मकदूम चौक, थाना सिमरी बख्तियारपुर, जिला सहरसा, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा बरामद सामान के संबंध में संबंधित यात्री की पहचान एवं चोरी की अन्य घटनाओं से आरोपितों के संबंध की जांच की जा रही है।










