जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर, भव्य शोभायात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न

News4Bihar : रामनवमी के अवसर पर कटिहार शहर में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे शहर में निकली भव्य शोभायात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। एलडब्ल्यूसी मैदान से बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, श्रीराम सेना सहित कई संगठनों ने मिलकर इस विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए जिनमें युवाओं के साथ-साथ महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते नजर आए। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों बड़ा बाजार, पानी टंकी चौक, एमजी रोड, शहीद चौक, बाटा चौक, राजेंद्र प्रसाद पथ, दुर्गास्थान चौक और डीएस कॉलेज रोड से होकर गुजरते हुए डीएस कॉलेज मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा महाराणा प्रताप की भव्य झांकी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने की झलक और रक्तदान जैसे सामाजिक संदेशों को भी प्रदर्शित किया गया। इन झांकियों को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए थे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। शोभायात्रा पूरी तरह प्रशासन द्वारा तय रूट चार्ट के अनुसार निकाली गई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई। कई जगहों पर लोगों ने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। राहत की बात यह रही कि पूरे आयोजन के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।