अंकपत्र सुधार की मांग को लेकर आरएसए की छात्रा इकाई ने किया दंड प्रणाम।

♦ विश्वविद्यालय प्रशासन से न्याय की गुहार, छात्राओं ने भुईं परी (दंड प्रणाम) करते हुए मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक मार्च किया।

छपरा । जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के विभिन्न सत्रों के अंकपत्रों में व्याप्त त्रुटियों के सुधार की मांग को लेकर आज आरएसए की छात्रा इकाई ने छात्रा सह प्रमुख अजीमा खातून के नेतृत्व में अनोखा एवं भावनात्मक विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक भुईं परी (दंड प्रणाम) करते हुए मार्च किया और विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्र-छात्राओं के अंकपत्रों में अविलंब सुधार की मांग की।

 

इस दौरान छात्रा सह प्रमुख अजीमा खातून ने कहा कि छात्र-छात्राएं आंदोलन करते-करते थक चुके हैं, आवेदन देते-देते थक चुके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार उपेक्षित कर रहा है। जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करते हैं तो विश्वविद्यालय प्रशासन उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें प्रताड़ित करने का प्रयास करता है।

 

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि विश्वविद्यालय में बैठे पदाधिकारी शायद स्वयं को सामान्य इंसान नहीं, बल्कि अवतार समझते हैं, जिनके सामने विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी पीड़ा का कोई महत्व नहीं है। इसलिए आज छात्राओं ने थक-हारकर भुईं परी (दंड प्रणाम) करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन तक अपनी पीड़ा पहुँचाने का प्रयास किया है। शायद इस दंड प्रणाम से भगवान प्रसन्न होंगे और विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि देंगे, जिससे विद्यार्थियों के अंकपत्रों में सुधार हो सके।

 

आरएसए छात्रा इकाई ने बताया कि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सत्र 2023–27, 2024–28 एवं 2025–29 के सेमेस्टर-1 से सेमेस्टर-5 तक के अंकपत्रों में व्यापक त्रुटियाँ सामने आई हैं। कॉलेजिएट एवं नॉन-कॉलेजिएट दोनों प्रकार के छात्र-छात्राएं इन त्रुटियों से प्रभावित हैं।

 

छात्र संगठन का आरोप है कि कई महाविद्यालयों में आंतरिक परीक्षाएँ आयोजित नहीं की गईं तथा कई मामलों में महाविद्यालयों द्वारा आंतरिक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय को प्रेषित नहीं किए गए। इसके बावजूद विद्यार्थियों के अंकपत्रों में आंतरिक अंक दर्ज कर दिए गए हैं। ऐसे में यह गंभीर सवाल उठता है कि बिना परीक्षा आयोजित किए अथवा बिना महाविद्यालय से अंक प्राप्त किए विद्यार्थियों के अंकपत्रों में अंक किस आधार पर दर्ज किए गए।

 

छात्र-छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर भी अपनी समस्याएँ दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अधिकांश शिकायतें अब तक लंबित हैं। शिकायत पोर्टल विद्यार्थियों के लिए समाधान का माध्यम बनने के बजाय केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित रह गया है।

छात्रा इकाई ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र ही विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। संगठन ने कहा कि छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

आज का दंड प्रणाम आंदोलन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए एक संदेश है कि छात्र-छात्राएं अब केवल आवेदन देकर इंतजार करने की स्थिति में नहीं हैं; वे अपने शैक्षणिक अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मोती कुमारी, रुक्सार, सपना रजनी, इशरत, आलिया, जुली, रूबी, संजना, सोनी, जूही, अलीना, रानी समेत दर्जनों कार्यकर्त्ता उपस्थिति थी।