गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

गोपालगंज: जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। श्याम सिनेमा रोड स्थित किराए के कमरे में रहकर NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरैया पहाड़ गांव निवासी उजाला कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उजाला गोपालगंज में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार, रविवार को उजाला का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल छात्रा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उजाला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद छात्रा के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

 

News4Bihar | www.news4bihar.in