छपरा । आगामी 12.12.2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु 21 सितंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश –सह– अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण, छपरा,
अनंत कुमार सिंह के निर्देश के आलोक में न्याय मंडल सी जे एम डिविजन के न्यायाधीशगण के साथ एक बैठक राजीव कुमार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, छपरा के अध्यक्षता में आहुत की गयी। बैठक में सचिव द्वारा उपस्थित सभी को निर्देशित किया गया कि चिन्हित सुलहनीय वादों को ज्यादा से ज्यादा नोटिस हेतु वादों को चिन्हित कर डालसा सारण के कार्यालय के माध्यम से भेजवाए तथा न्यायालय में जो भी पक्षकार उपस्थित हो उनसे अनुरोध करे कि निश्चित तिथि पर व्यवहार न्यायालय छपरा के प्रांगण में लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर अपने वादों का निष्पादन सुलह के आधार पर करावे। साथ ही सभी कार्यालय लिपिक को यह भी निर्देशित करें कि वे वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ व्यवहार रखते हुए सुलहनीय मामले के संबंधित पक्षकारों को यह जागरूक करे कि बिना किसी खर्च अपने वादों का निष्पादन दिनांक 12.12.2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में करावे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार,सारण का हमेशा से यही रुख रहा है कि लोक अदालत के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा वादों का निष्पादन हो ताकि न्यायालयों का भार कम हो सके।
सचिव महोदय द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आगे भी ऐसी बैठकों का आयोजन होता रहेगा।










