रूपेश मिश्रा,कटिहार। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कटिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 64 पुड़िया स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक का कुल वजन 6.690 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने तस्कर के पास से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात बालरामपुर थानाध्यक्ष और मद्यनिषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बंगाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर बालरामपुर क्षेत्र में तस्करी के लिए आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने किरोरा रेलवे फाटक के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मुफस्सिर आलम (23), पिता मंसूर आलम, निवासी मझुआ, बायसी, पूर्णिया के रूप में हुई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर रखे बोरे और झोले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 64 पुड़िया स्मैक, कुल वजन 6.690 ग्राम तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में बालरामपुर थाना कांड संख्या 165/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










