छठ पर नहाय-खाय से सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक।

रूपेश मिश्रा,(कटिहार)बिहार,छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने निजी नावों के परिचालन पर रोक लगा दी है। नहाय-खाय से लेकर 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य तक जिले के विभिन्न नदियों और घाटों पर निजी नावों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस संबंध में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को आदेश जारी किया  है

जारी आदेश में कहा गया है कि छठ पर्व के दौरान गंगा सहित अन्य नदियों और घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस वर्ष 15 नवंबर को संध्याकालीन और 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, नौ नवंबर से ही श्रद्धालुओं के नदी और घाटों पर स्नान के लिए जुटने की संभावना है।

प्रशासन के अनुसार, छठ घाटों पर युवा वर्ग निजी नावों से भ्रमण करते हैं। इस दौरान नावों पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने से नाव पलटने और डूबने की घटनाएं हो सकती हैं। इससे विधि-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।

संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला पदाधिकारी ने नहाय-खाय से सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए गृह रक्षक, चौकीदार और दफादार के माध्यम से निगरानी कराई जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।