• तीन नाबालिग विदेशी लड़कियां भी हिरासत में, पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।
रूपेश मिश्रा, कटिहार। अवैध रूप से भारत में प्रवेश एवं आवागमन करने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई के तहत आरपीएफ ने रविवार को कटिहार रेलवे स्टेशन पर चार रोहिंग्या नागरिकों को पकड़ा। इनमें एक वयस्क पुरुष और तीन नाबालिग विदेशी लड़कियां शामिल हैं। सभी के म्यांमार मूल के होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट की एलएसआई सारिका कुमारी के नेतृत्व में एएसआई वीके रॉय, कांस्टेबल प्रवीण एवं लेडी कांस्टेबल एसके मीणा की टीम ने ट्रेन संख्या 12505 के कटिहार स्टेशन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 के सेमापुर छोर पर चारों को पकड़ा।
आरपीएफ के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके पास से भारत में रहने अथवा यात्रा करने से संबंधित कोई वैध नागरिकता प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र या पासपोर्ट नहीं मिला। इसके बाद चारों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कटिहार जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ की ओर से एसआई सारिका कुमारी ने जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही जब्ती एवं मेडिकल संबंधी कार्रवाई भी की गई। मामले में जीआरपी ने कांड संख्या 183/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामला इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 21 तथा पासपोर्ट एक्ट 1920 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने वयस्क आरोपी की पहचान एमडी नूर के रूप में बताई है। वहीं तीनों नाबालिग विदेशी लड़कियों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।










