खैरा में कंटेनर ने एलटी तार को खींचकर तोड़ा,पोल भी क्षतिग्रस्त; बिजली आपूर्ति ठप

नगरा।खैरा-मढ़ौरा मुख्य पथ पर खैरा बाजार के समीप सोमवार को सड़क से गुजर रहे एक कंटेनर की चपेट में आने से एलटी बिजली तार टूट गया.तार के खिंचने से बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया,जिससे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गयी.घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मी मरम्मत कार्य में जुट गये. जानकारी के अनुसार, कंटेनर मढ़ौरा से खैरा होते हुए छपरा जा रहा था.इसी दौरान सड़क के आर-पार लटक रहे एलटी तार में कंटेनर फंस गया और उसे खींचते हुए आगे बढ़ गया.इससे तार टूट गया और पोल भी आधा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि समय रहते बिजली विभाग ने विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया.घटना के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से फरार हो गया.बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय कर्मी मरम्मत कार्य में लगे रहे.