रूपेश मिश्रा, (कटिहार)आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को किशनगंज में तैनात शिक्षा विभाग की कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कटिहार और किशनगंज स्थित उनके आवास एवं कार्यालय समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है।
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रूबी कुमारी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, किशनगंज में कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति गौरव कुमार गुप्ता भी इस मामले में आरोपित हैं। दोनों के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।
87.49 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
प्राथमिक जांच के अनुसार, रूबी कुमारी और उनके पति के खिलाफ वैध आय के ज्ञात स्रोतों से कुल 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 फीसदी अधिक बताई गई है।
इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने कांड संख्या 31/26, दिनांक 02 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी की अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को छापेमारी की गई।
चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने रूबी कुमारी के कटिहार स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के आवास, सहायक थाना क्षेत्र के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित पैतृक मकान एवं निजी अपार्टमेंट/मकान, किशनगंज स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय तथा उनके निकट संबंधी के किराये के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।
छापेमारी उपमहानिरीक्षक कोट के पदाधिकारियों के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है।









