इतिहास, विरासत व संस्कृति पर आधारित फोटो प्रदर्शनी आयोजित

एकमा (सारण)। अलख नारायण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, एकमा के पुस्तकालय कक्ष में गुरुवार को भारतीय इतिहास, विरासत एवं संस्कृति पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय इतिहास, स्थापत्य कला, मूर्तिकला, नृत्य कला सहित देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से संबंधित विभिन्न चित्रों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के संयोजक एवं विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में जिज्ञासा पैदा होती है। उनमें पढ़ने के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ खोजी प्रवृत्ति का भी विकास होता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत से परिचित कराया जा सके। इसके माध्यम से छात्र भारतीय स्थापत्य कला, मूर्तिकला, नृत्य कला तथा विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं को नजदीक से समझ सकें और अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना विकसित कर सकें।

विद्यालय परिवार का मानना है कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ इस तरह की दृश्य एवं अनुभवात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाती हैं।