कटिहार : पुल की सड़क बदहाल, बड़े-बड़े गड्ढों से हादसे का खतरा बढ़ा।

रूपेश मिश्रा :   कटिहार गेड़ाबड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित कोलासी पुल की सड़क इन दिनों जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। पुल की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।
कोलासी पुल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के अलावा भारी वाहनों का भी आवागमन होता है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है। खासकर रात के समय गड्ढों का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कटिहार–गेड़ाबाड़ी मार्ग पर कोलासी पुल काफी महत्वपूर्ण है और इस मार्ग पर लगातार यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में पुल की सड़क की जर्जर स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से कोलासी पुल का तत्काल निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत और आवश्यक सुदृढ़ीकरण कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़क की समस्या का समाधान करना चाहिए।