सारण की बेटी निधि तिवारी ने बढ़ाया बिहार का मान, सेपक टकरा में जीता स्वर्ण पदक

  •  सब जूनियर अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार बना चैंपियन, श्रीनगर में आयोजित 29वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

सारण। जिले की बेटी निधि तिवारी ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सारण का नाम रोशन किया है। श्रीनगर में आयोजित 29वीं सब जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप के सब जूनियर अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर रही निधि तिवारी इस सफलता की अहम कड़ी रहीं।

शहर के भागवत विद्यापीठ की छात्रा निधि तिवारी की यह लगातार दूसरी राष्ट्रीय उपलब्धि है। इससे पहले रांची में आयोजित 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप में भी निधि ने डबल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर निधि ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत का शानदार परिचय दिया है।

 

एकलव्य में ले रही प्रशिक्षण

निधि तिवारी को राज्य स्तर पर प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है। वह प्रियांशी, सृष्टि और मुस्कान के साथ भगवानपुर, वैशाली स्थित एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण का असर उनके प्रदर्शन में भी दिखाई दे रहा है।

निधि तिवारी रसूलपुर थाना क्षेत्र के घूरापाली गांव की निवासी हैं और वर्तमान में रतनपुरा ओझा टोली, भगवान बाजार में रहती हैं। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ जिले के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। पिता ऋषिकेश तिवारी उर्फ विकास तिवारी और माता डॉली तिवारी ने निधि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

निधि की इस उपलब्धि पर जिला सेपक टकरा संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश ओझा, बिहार राज्य सेपक टकरा संघ के राज्य सचिव डॉ. करुणेश कुमार, बिहार टीम के कोच अजीत कुमार, भागवत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह, समाजसेवी मनीष सिंह, केनरा बैंक के उप प्रबंधक देव प्रकाश पराशर, वी.एन. उपाध्याय, कबड्डी कोच हिमांशु कुमार समेत कई खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए निधि के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सारण की इस होनहार बेटी की लगातार राष्ट्रीय सफलता ने जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए भी एक नई प्रेरणा पैदा की है।