रूपेश मिश्रा, कटिहार। सोमवार को पुलिस अधीक्षक, परिचय कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के उपरांत पिछले माह श्रावण पूजा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में डीएसपी साइबर-सह-एसडीपीओ मनिहारी, अंचल पुलिस निरीक्षक मनिहारी, थानाध्यक्ष मनिहारी, अंचल पुलिस निरीक्षक बारसोई एवं थानाध्यक्ष सालमारी शामिल रहे। वहीं आर्म्स एवं गांजा की बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य के लिए थानाध्यक्ष बरारी तथा स्मैक की बरामदगी में सराहनीय कार्य के लिए थानाध्यक्ष कुर्सेला को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।










