इसुआपुर, सारण। इसुआपुर थाना क्षेत्र के पिपरहिया बाजार स्थित जय माता दी आभूषण एवं वासन भंडार में सोमवार की देर रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोर दुकान के मुख्य गेट पर लगे तीन ताले तोड़ने में सफल रहे, लेकिन गेट के नीचे लगे मजबूत इंटरलॉक को तोड़ने में नाकाम रहे। इस कारण चोर दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके और लाखों रुपये के सामान की चोरी होने से बच गई।
दुकान संचालक जयप्रकाश कुमार ने घटना को लेकर इसुआपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जाता है कि जयप्रकाश कुमार, लोजपा के व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार शाह के भाई हैं।
पहले भी हो चुकी है चोरी
दुकान संचालक ने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, जबकि एक बार चोरी का प्रयास किया गया था। उन घटनाओं को लेकर भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
सीसीटीवी का तार काटा, गमछे से ढका था चेहरा
चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार भी काट दिया। हालांकि घटना के दौरान कैमरे में दो संदिग्ध चोर दिखाई दिए हैं। दोनों ने अपना चेहरा गमछे से ढक रखा था। घटना सोमवार की रात करीब 1:50 बजे से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है।
बाजार में चौकीदार नहीं रहने से बढ़ी चिंता
जयप्रकाश कुमार ने बताया कि पिपरहिया बाजार में रात के समय कोई चौकीदार तैनात नहीं रहता है। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं और बाजार में चोरी की घटनाएं होती रहती हैं।
दुकान संचालक ने प्रशासन से पिपरहिया बाजार में रात के समय चौकीदार की तैनाती करने की मांग की है। लगातार चोरी के प्रयासों से दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।










