सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन।

न्यूज4बिहार | रूपेश मिश्रा | कटिहार नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक मंगलवार को नगर निगम के प्रशाल भवन में महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के विकास, आधारभूत संरचना, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपमहापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार सहित समिति के सदस्य बिपीन बिहारी चौबे, जिमी प्रकाश, प्रमोद महतो, आलोक कुमार, नितेश कुमार सिंह, मंजू देवी और सलीम अंसारी मौजूद रहे।

बैठक में सबसे पहले पूर्व की बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई। इसके बाद विभागीय पत्र के आलोक में शहर की सड़कों के वर्गीकरण और 27 कोष्ठक दर निर्धारित करने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श हुआ। वहीं उदामा रेखा स्थित बस पड़ाव और एमआरएफ प्लांट के बीच चहारदीवारी निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति देने पर भी चर्चा की गई।

एमआरएफ प्लांट में कंपोस्ट तैयार करने के लिए आरसीसी प्लेटफॉर्म निर्माण के प्रस्ताव पर भी समिति ने विचार किया। इसके अलावा वार्ड संख्या-5 स्थित अनुमंडल कार्यालय परिसर में पीसीसी सड़क और पेभर ब्लॉक निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।

सार्वजनिक कुएं-पोखरों के जीर्णोद्धार पर जोर

बैठक में शहर के जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर सार्वजनिक कुओं और पोखरों का नगर निगम के आंतरिक संसाधन से जीर्णोद्धार कराने के प्रस्ताव पर भी गंभीरता से विचार किया गया। समिति ने शहर में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान सड़क, स्वच्छता, जलस्रोत संरक्षण और आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों से शहर में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।