रूपेश मिश्रा, कटिहार | सहायक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे आवास में हुई लाखों रुपये के आभूषण चोरी मामले का पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त एक विधि-विरुद्ध बालक (किशोर) समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, सहायक थाना क्षेत्र स्थित रेलवे आवास संख्या 1445/D निवासी प्रियंका कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गत 2 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके आवास के मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने कमरों में रखे ट्रंक व अलमीरा का ताला तोड़कर लगभग 12 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं नकद रुपये चोरी कर लिए थे। मामले को लेकर सहायक थाना में कांड संख्या 1014/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज,तकनीकी अनुसंधान और
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर चोरी में शामिल अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण शाह, पवन कुमार, सन्नी कुमार, संतोष सावित, प्रशांत कर्मकार उर्फ बब्लू, अशरफ उर्फ मो० आसिफ, इबुल फातिमा उर्फ रिमझिम एवं एक विधि-विरुद्ध बालक के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, 29.317 ग्राम सोने जैसा पदार्थ, 258.182 ग्राम चांदी की पायल, दो पीस चांदी के सिक्के, 20,700 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन तथा कल्याण ज्वैलर्स की एक रसीद बरामद की है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है।










