रूपेश मिश्रा, कटिहार/कुरसेला। क्षेत्र में नदियों के उफान और बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ कुरसेला प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई पंचायतों में जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना और राहत कार्यों का जायजा लिया।
दौरे के क्रम में उन्होंने जरलाही, मोहनिया, गुमटी टोला, मेलेनिया स्कूल, नया टोला, तीनघड़िया, दक्षिणी मुरादपुर और माल गोदाम में जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय बाढ़ पीड़ितों ने भोजन की गुणवत्ता में सुधार करते हुए मेनू में हरी सब्जी, चना और अरहर की दाल शामिल करने का अनुरोध किया, जिस पर सांसद प्रतिनिधि ने तत्काल जिला प्रशासन से बात कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि जलस्तर लगातार बढ़ने से स्थिति गंभीर होती जा रही है। आपदा के इस समय में मौजूदा सामुदायिक किचन नाकाफी हैं, इसलिए प्रशासन को अविलंब नए भोजन केंद्र शुरू करने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपदा के समय पीड़ित मानवता की सेवा करना ही असली राजनीति है।
इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रहलाद कुमार गुप्ता, शमशाद आलम, राजेंद्र यादव, डॉ. सत्यनारायण प्रसाद, राजीव कुमार, सुभाष यादव, रवि यादव और मोहम्मद आमिर सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










