कटिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर से तबाही, मनिहारी के बाढ़ प्रभावित सिंगल टोला पहुंचीं डीडीसी,

रूपेश मिश्रा,मनिहारी (कटिहार): गंगा नदी में लगातार हो रही जलस्तर की वृद्धि ने कटिहार जिले के निचले इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड पर आ गया है। मंगलवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नेहा कुमारी ने मनिहारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित ‘सिंगल टोला’ का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित परिवारों का हाल जाना।

राहत कार्यों और कम्युनिटी किचन का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने बाढ़ पीड़ितों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर चलाए जा रहे कम्युनिटी किचन का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता और आपूर्ति में कोई कमी न आए। इस दौरान प्रभावित परिवारों के बीच अस्थायी शरण के लिए पॉलीथिन शीट का वितरण भी किया गया।

स्वास्थ्य सुरक्षा और जल शुद्धिकरण पर जोर

बाढ़ के दौरान बीमारियों के फैलने की आशंका को देखते हुए डीडीसी ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल के उपयोग पर जोर देते हुए वाटर प्यूरिफिकेशन टैबलेट का सही तरीका समझाया। डीडीसी ने बताया कि टैबलेट मिलाने के बाद पानी को कम से कम दो से ढाई घंटे के लिए छोड़ दें, उसके बाद ही उसका सेवन करें।

प्रशासनिक सहायता की अपील

दौरे के अंत में उप विकास आयुक्त ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या समस्या होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।