न्यूज4बिहार/रूपेश मिश्रा: कटिहार नगर निगम के सभा प्रशाल भवन में सोमवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में लंबित एवं निष्पादित आवेदनों की शाखावार जानकारी ली गई।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
बैठक में सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शिविर में आने वाले नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखने तथा आवेदनों के त्वरित संकलन एवं निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न प्रशाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










