किशनगंज पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: SP ने 28 पदाधिकारियों का किया तबादला, 2 दारोगा सस्पेंड और 1 लाइन हाजिर।

किशनगंज : सीमांचल के सीमावर्ती जिले किशनगंज में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता के प्रति पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले के 28 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है, जिसमें एक पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर), चार पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और 23 पीटीसीएस (PTCS) स्तर के अधिकारी शामिल हैं. इसके साथ ही कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में बिशनपुर थानाध्यक्ष सहित दो पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक पिकेट प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है. इस कड़े कदम से समूचे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.एसपी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी और किशनगंज अभियोजन शाखा में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) विनोद कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है. इसके अतिरिक्त छत्तरगाछ पिकेट प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार को दायित्वों के निर्वहन में कोताही के चलते सीधे लाइन हाजिर (क्लोज) कर दिया गया है.

राजू कुमार को बिशनपुर थाने की कमान, कुन्दन कुमार बने नए पिकेट प्रभारी

 

प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने के लिए महत्वपूर्ण थानों और पिकेटों में नए अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है:

बिशनपुर थाना: किशनगंज नगर थाना में पदस्थापित तेजतर्रार पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार को बिशनपुर का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

छत्तरगाछ पिकेट: पुलिस केंद्र (लाइन) में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक कुन्दन कुमार को छत्तरगाछ पिकेट का नया प्रभारी बनाया गया है.

गरवनडांगा थाना: गरवनडांगा थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार का भी प्रशासनिक आधार पर तबादला किया गया है.