जनता दरबार में 23 फरियादियों की फरियाद, महापौर ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

रूपेश मिश्रा,कटिहार। नगर निगम में सोमवार को महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें 23 फरियादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर समाधान का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, सड़क व नाला निर्माण, बिजली पोल और स्ट्रीट लाइट, आवागमन के रास्ते, अतिक्रमण तथा नालों की साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। महापौर ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अतिक्रमण से लोगों को होने वाली परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही पिछले जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को कहा।