सारण । रिविलगंज थाना पुलिस ने स्वर्ण आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के आभूषण से प्राप्त पिघला हुआ सोना, दो बाइक और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर को रिविलगंज बाजार से सामान लेकर घर लौट रही एक महिला से दो युवकों ने बहला-फुसलाकर उसके स्वर्ण आभूषण चोरी कर लिए थे। इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 545/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर तीन आरोपितों सोनू डोम, सुनील डोम और आकाश डोम को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के सोने की खरीद करने वाले सोनार अजय सोनी के पास से पिघला हुआ सोना ठोस रूप में बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने अजय सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपित उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। छापेमारी टीम में रिविलगंज थानाध्यक्ष सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी तथा डीआईयू सारण की टीम शामिल थी।










