रूपेश मिश्रा,कटिहार/(बिहार)गंगा, कोसी, बरांडी और कारीकोसी नदियों के जलस्तर में वृद्धि से जिले में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अब तक 35 ग्राम पंचायतों के 236 गांव और तीन नगर पंचायतों के 10 वार्ड प्रभावित हुए हैं। करीब 3 लाख 43 हजार 180 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन के लिए 67 नावों का परिचालन किया जा रहा है। वहीं बरारी, कुर्सेला और अमदाबाद में संचालित सामुदायिक रसोई के माध्यम से सोमवार को करीब 5,250 लोगों को भोजन कराया गया। नए प्रभावित और विस्थापित परिवारों के लिए 60 अतिरिक्त सामुदायिक रसोई शुरू करने की तैयारी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरारी में 2, अमदाबाद में 4 और कुर्सेला में 2 स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां अब तक करीब 450 लोगों का इलाज किया गया है तथा 458 हैलोजन टैबलेट बांटी गई हैं। पशु चिकित्सा शिविरों में 123 पशुओं का उपचार किया गया है।
बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच अब तक करीब 4,060 पॉलीथीन शीट वितरित की जा चुकी हैं। पेयजल के लिए बरारी में 12 और कुर्सेला में 4 नए चापाकल लगाए गए हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपदा संबंधी सूचना के लिए 06452-239025, 239026, 242400 पर संपर्क किया जा सकता है।










