मकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मोबाइल से खुला राज, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद, 4 गिरफ्तार

न्यूज4बिहार: सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुरुष आरोपियों एवं एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकद राशि सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे मकेर थाना पुलिस को बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान एक व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मकेर बाजार पहुंचकर जांच शुरू की। पूछताछ और छानबीन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला को पकड़ा।

पूछताछ के क्रम में पकड़े गए राहुल कश्यप, पिता स्व. कैलाश कश्यप, निवासी नई बस्ती हील डिमगोरा, थाना खड़खड़ी, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद उसके कमरे की तलाशी लेने पर टीन के बक्से में रखे झोले से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण एवं अन्य सामान बरामद किए गए।

इसी दौरान पुलिस को देखकर एक अन्य व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने पीछा कर उसे भी पकड़ लिया। उसकी पहचान आकाश मांझी, पिता श्याम बिहारी मांझी, निवासी बिहटा बाटा मुसहरी, थाना आरा मोड़ बिहटा, जिला पटना के रूप में हुई। उसके पास/ठिकाने से भी नकद राशि और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

वहीं, पुलिस ने सुबोध कुमार, पिता चन्द्रमौली प्रसाद, निवासी अफौर, थाना नगरा, जिला सारण तथा एक महिला को भी गिरफ्तार किया है।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस के अनुसार बरामद सामानों में 20 पीस चांदी के पायल, 4 पीस चांदी की सिकड़ी, 5 पीस चांदी का कमरबंद, 3 पीस चांदी के चोटी में लगाने वाले आभूषण, 8 पीस चांदी की अंगूठी, 5 पीस चांदी के सिक्का, 5 पीस चांदी का हाथ पंजा, 2 पीस चांदी के बाल में लगाने वाले आभूषण, 2 पीस चांदी के पैर के छल्ले सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।

इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, मंगटीका, ढोलना, सिकड़ी, कान की बाली, झुमका, टॉप, नथिया, बाली एवं अन्य आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने 68,800 रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, चाकू, इलेक्ट्रिक मशीन समेत अन्य सामान भी जब्त किया है।

पुलिस द्वारा बरामद सामानों की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। साथ ही पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों से बरामद सामानों का मिलान कर उनकी वास्तविकता और स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

इस मामले में मकेर थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 05.09.2026, धारा 317(4)/317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है।