न्यूज4बिहार : मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। मद्यनिषेध इकाई पटना और ब्रह्मपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चांदनी चौक के पास छापेमारी कर वैशाली के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 185 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि चांदनी चौक के पास मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के आधार पर दोपहर में छापेमारी की गई और मौके से तीन आरोपितों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली के जढुआ निवासी विक्रम कुमार, सकलदीप राय और बिदुपुर के कंचनपुर निवासी सोनू कुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक स्प्लेंडर बाइक, तीन मोबाइल फोन के अलावा सोने जैसी धातु की एक चेन और अंगूठी भी बरामद की है। दोनों का कुल वजन करीब 12 ग्राम बताया गया है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के लिए कैरियर का काम करते थे। वे ट्रेन से मुजफ्फरपुर आते थे और ब्रह्मपुरा, सदर और अहियापुर इलाके में बने पिकअप प्वाइंट से स्मैक लेते थे। इसके बाद वैशाली के जढुआ समेत दूसरे इलाकों में घरों और दुकानों तक इसकी डिलीवरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, हर डिलीवरी के बदले उन्हें करीब पांच हजार रुपये मिलते थे।
SDPO टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य तस्करों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में ब्रह्मपुरा थाना में कांड संख्या 275/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।










