छपरा (सारण)। जिला कार्यालय के बैठक कक्ष में ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना (वीपीआरपी) को लेकर जीविका कर्मियों का चरणबद्ध प्रशिक्षण जारी है। प्रबंधक समाज विकास राकेश कुमार के नेतृत्व में जिले के सभी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिया
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत तैयार की जाने वाली ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से तैयार करना है। प्रशिक्षण में जिला स्तर के सभी प्रबंधक, युवा पेशेवर, प्रशिक्षण अधिकारी, संकुल संघ के एंकर पर्सन, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, सामुदायिक समन्वयक, क्षेत्रीय समन्वयक, कार्यालय सहायक, लेखपाल, ब्लॉक आईटी एग्जीक्यूटिव एवं एमआईएस एग्जीक्यूटिव चरणवार शामिल हो रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को समूह स्तर पर हकदारी योजना एवं आजीविका योजना तैयार करने के साथ-साथ ग्राम संगठन एवं ग्राम स्तर पर सार्वजनिक वस्तुओं, सेवाओं, संसाधन विकास तथा सामाजिक मुद्दों से जुड़ी योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, ताकि जिले का कोई भी संबंधित कर्मी प्रशिक्षण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित प्रबंधकों के सहयोग से कार्य किया जा रहा है। लक्ष्य है कि 2 अक्टूबर 2026 से पहले ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना को ग्राम सभा में प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत विकास योजना में एकीकृत किया जाए।










