स्कूल में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी महोत्सव, विद्यालय में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही विशेष आकर्षण का केंद्र 

एकमा (सारण)। मांझी प्रखंड के नचाप गांव स्थित रिद्धि सिद्धि सेंट्रल स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों, झांकियों, गुब्बारों एवं अन्य सजावटी सामग्री से विद्यालय परिसर को मनमोहक रूप दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं माता सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भजन, प्रार्थना, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा एवं ग्वाल-बाल के आकर्षक रूप धारण कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

स्कूल में कक्षा 2 के छात्र आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी बाल लीलाओं पर आधारित सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नाटिका भी प्रस्तुत की। माखन चोरी, गोकुल की बाल लीलाएं तथा श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता जैसे प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

विद्यालय में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लिया और श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की लीलाओं को जीवंत कर दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह, प्रचार्य दशरथ साह, निदेशक राकेश कुमार सिंह व संयुक्त निदेशक मुकेश कुमार सिंह सहित संतोष कुमार सिंह की ओर से कहा गया कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।