रूपेश मिश्रा, कटिहार। कुरसेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को कुरसेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल सवार युवक अवैध हथियार लेकर कटरिया पिकेट की ओर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस बल को कटरिया पिकेट के पास भेजा।
बताया गया कि पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार युवक भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान नीरज कुमार (23 वर्ष), पिता सुधीर मंडल, निवासी शेरमारी वार्ड नंबर-10, थाना कुरसेला, जिला कटिहार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुरसेला थाना कांड संख्या 178/26, दिनांक 08 मई 2026, के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351(2) एवं 352 में मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










