रूपेश मिश्रा, कटिहार। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अभियान के दौरान सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले अतिक्रमणकारियों से कुल 10,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और अन्य सरकारी स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
नगर निगम की टीम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में नोडल पदाधिकारी सह नगर प्रबंधक ज्योति कृष्णा मूर्ति, सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी नूर अली सहित अतिक्रमण दस्ता के सदस्य मौजूद रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई की जाएगी।










