रूपेश मिश्रा, (कटिहार) जिले के आजमनगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 205 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 16 से 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति बंगाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर आजमनगर की तरफ जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने कुशीदा सितलमनी के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार तीनों व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद शमीम अख्तर, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और मोहम्मद ताज अशरफी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 205 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










