सारण। इसुआपुर प्रखंड क्षेत्र में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में निकले जुलूस के दौरान लोगों ने इंसानियत, प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर इसुआपुर ईदगाह परिसर में तकरीर का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की।
जुलूस में शामिल लोगों के लिए सैनिक कैंटीन की ओर से जलपान की व्यवस्था भी की गई थी.कार्यक्रम में मुखिया अजय राय, मुखिया प्रतिनिधि अजमल रहमानी, पूर्व सैनिक एमडी वारिस, राजद प्रखंड अध्यक्ष हाजी अमजद खान, बबलू अंसारी, गुड्डू अंसारी, मजहर नेसार, अरशद रहमानी और अजमत अली सहित कई लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीएम सय्यद आदिल मोहसिन, एसडीपीओ मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु, बीडीओ इंजीनियर सत्यम सिंह, सीओ रवि रंजन, थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार और एसआई पूजा कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखने की अपील की गई।










