News4Bihar | रूपेश मिश्रा कटिहार। शिवाजीनगर ललियाही स्थित निजी विवाह भवन में महिला विकास मंच के बैनर तले पहली बार सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला विकास मंच की जिला अध्यक्षा एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी रश्मि कुणाल ने किया, जबकि संचालन महासचिव श्रीमती चम्पा कामती ने किया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य संरक्षिका श्रीमती वीणा मानवी ने फीता काटकर किया। प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती रानी जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान हरे रंग के परिधान और श्रृंगार में सजीं सैकड़ों महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन की बधाई दी।
कार्यक्रम में महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ एवं माता गौरी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोकगीत, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिलाओं ने सावन उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को हरी चूड़ियां देकर सम्मानित भी किया गया।
मुख्य संरक्षिका वीणा मानवी ने कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों में सावन मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कटिहार में पहली बार यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
प्रदेश अध्यक्षा रानी जायसवाल ने कहा कि सावन मिलन महिलाओं के उत्सव के साथ-साथ हमारी समृद्ध पारंपरिक संस्कृति का हिस्सा है। आधुनिक दौर में यह परंपरा धीरे-धीरे कमजोर हो रही है, जिसे जीवित रखने के लिए महिला विकास मंच लगातार प्रयास कर रहा है।
जिला अध्यक्षा रश्मि कुणाल ने कहा कि कटिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान भोलेनाथ और माता गौरी की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष सावन मिलन समारोह को और भी भव्य रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में चम्पा देवी कामती, अधिवक्ता नेहा किरण, अधिवक्ता पूनम सिंह, अधिवक्ता प्रियंका कुमारी, सुष्मिता भट्टाचार्य, राखी सिंह, अंजली कुमारी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।










