सारण। लहलादपुर प्रखंड के दो लिपिकों के आकस्मिक निधन से प्रखंड कार्यालय कर्मियों एवं अधिकारियों में शोक की लहर है। दोनों दिवंगत कर्मियों की स्मृति में जलालपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार, संविदा लिपिक बशी अहमद एवं लिपिक तारानंद प्रमोद का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन पर जलालपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शोकसभा में प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद, अंचल पदाधिकारी राजन कुमार, प्रखंड नाजिर चंद्रभूषण कुमार, अंचल आरओ अखिलेश्वर राम समेत प्रखंड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बताया गया कि तारानंद प्रमोद का निधन हार्ट अटैक से हुआ, जबकि बशी अहमद लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दोनों के निधन को प्रखंड कार्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शोकसभा के दौरान मौजूद सभी लोगों ने दिवंगत कर्मियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।










