News4Bihar | सारण। पानापुर थाना परिसर में रविवार को मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ अजय कुमार एवं थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के मार्ग और प्रशासनिक निर्देशों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पारंपरिक मार्ग से निकलेगा जुलूस
सीओ अजय कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो।
वहीं थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि जुलूस-ए-मोहम्मदी निर्धारित पारंपरिक मार्ग से ही निकाला जाएगा। आयोजकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा और सभी निर्देशों का पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
थानाध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या असामाजिक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रशासन ने सभी लोगों से मिलजुलकर पर्व मनाने और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में जिला परिषद रत्नेश कुमार भास्कर, मुखिया जलेश्वर मांझी, महम्मद तैयब, महम्मद मौलाद्दीन, बिजेंद्र सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद, सुशील सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।










