News4Bihar | कटिहार। नगर निगम कटिहार में सोमवार को महापौर उषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक महापौर के कक्ष में हुई, जिसमें उप महापौर, नगर आयुक्त संतोष कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।
बैठक में स्टॉर्म ड्रेनेज वाटर सिस्टम के Missing Link को जोड़ने और शहर में नालों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान चिन्हित विभिन्न स्थलों पर नाला निर्माण तथा Missing Link से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करने पर जोर दिया गया।
वहीं, नल-जल योजना के तहत सभी वार्डों में Restoration कार्य की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों से लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिले।
रिपोर्ट: रूपेश मिश्रा, कटिहार, बिहार










