News4Bihar |सीवान/भगवानपुर हाट :प्रखंड क्षेत्र के रामपुर बड़ा खास गांव स्थित रामलीला मैदान में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के निर्देश पर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र का 30 दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण प्रशिक्षक नागेंद्र सिंह के द्वारा दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका, सामुदायिक पुलिसिंग, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, यातायात नियंत्रण तथा अपराध की सूचना देने की प्रक्रिया समेत सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही शारीरिक प्रशिक्षण के तहत अनुशासन, परेड और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कौशल का अभ्यास भी कराया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्रों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल से प्रशिक्षित करना है।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत शंकरपुर और मीरजुमला के पंचायत सचिव सहित दोनों पंचायतों के ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र शामिल हुए।
इस अवसर पर ग्राम रक्षा दल सह पुलिस मित्र के जिलाध्यक्ष समशाद अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार, जिला संयोजक नीरज सिंह, राजेश कुमार प्रसाद, अशोक चौधरी, बंधु कुमार, गुलशन खातून, संतोष कुमार, हरेराम कुमार, अभिनाश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










