कटिहार में खेतों में पहुंचे जिला कृषि पदाधिकारी, खुद किया डिजिटल क्रॉप सर्वे; 400 किसानों की बनी Farmer ID

News4Bihar | कटिहार। रूपेश मिश्रा :  किसानों के हित में सरकार की फार्मर रजिस्ट्री और डिजिटल क्रॉप सर्वे योजना को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने रविवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों का क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्राणपुर, कटिहार, बरारी समेत अन्य क्षेत्रों में खेतों का निरीक्षण किया और स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे करते हुए किसानों की Farmer ID जनरेट की।

जिला कृषि पदाधिकारी ने करीब 30 खेतों का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया, जबकि लगभग 25 किसानों की Farmer ID जनरेट की गई। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के फायदे बताते हुए कहा कि इससे किसानों की भूमि और कृषि संबंधी जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी। इससे सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।

 

भूमि और जमाबंदी की जानकारी अपडेट रखने की अपील

जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपनी भूमि और जमाबंदी से संबंधित जानकारी सही एवं अद्यतन रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि नई जमाबंदी होने की स्थिति में संबंधित खेत का क्षेत्रफल किसान की पहले से बनी Farmer ID में जोड़ा जा सकता है।

फसलों का भी किया निरीक्षण

प्राणपुर बीज उत्पादन प्रक्षेत्र में जिला कृषि पदाधिकारी ने संकर धान और उरद की फसल का निरीक्षण किया। उरद की फसल में भुआ कीट का प्रकोप मिलने पर अनुशंसित कीटनाशी के छिड़काव का निर्देश दिया गया।

वहीं संकर धान की फसल की स्थिति संतोषजनक पाई गई। संभावित सुंडी कीट के प्रकोप को देखते हुए किसानों को बर्ड पर्च लगाने और रस्सी चलाने जैसी जैविक एवं यांत्रिक विधियों को अपनाने की सलाह दी गई।

किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

जिला कृषि पदाधिकारी ने अधिकारियों और कृषि कर्मियों को किसानों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने और फार्मर रजिस्ट्री तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे का लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।

बताया गया कि रविवार को पूरे जिले में कुल 400 किसानों की Farmer ID जनरेट की गई।