News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार)। कटिहार जिले के कुरसेला थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 408 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम कुरसेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर समेली शिवमंदिर चौक की ओर आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की।
पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सत्यम कुमार, उम्र 25 वर्ष, पिता अरविंद केसरी, निवासी हरिहरपुर, थाना अलौली, जिला खगड़िया के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की विधिवत तलाशी ली तो उसके पास से 408 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलौली थाना, खगड़िया रेल थाना और सदर थाना से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
कुरसेला पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










