कटिहार के विभिन्न वार्डों में लगा सहयोग शिविर, नागरिकों की समस्याओं के समाधान की पहल।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा : कटिहार नगर निगम की ओर से मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल, नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार एवं संबंधित वार्डों के पार्षदों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सहयोग शिविर का आयोजन वार्ड संख्या 09 के पीएनटी चौक, वार्ड संख्या 15 के दुर्गा मंदिर परिसर लंगड़ा बागान पश्चिम भाग, वार्ड संख्या 24 में हाजी टोला मस्जिद के निकट तथा वार्ड संख्या 40 के शीतला मंदिर परिसर में किया गया।

शिविर में स्थानीय नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। साथ ही लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस मौके पर महापौर उषा देवी अग्रवाल एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य नगर निगम की सेवाओं को आम नागरिकों के घर-द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।