News4Bihar | छपरा। सारण जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी विनीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशा मुक्त सारण’ के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के साथ-साथ शराब तस्करों एवं कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान कुल 440.50 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 12 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी, वाहन भी बरामद
सारण पुलिस ने बताया कि सफल आसूचना संकलन के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब के साथ एक कार, एक टोटो और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।










