तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से साइकिल दुकानदार की मौत, घर में मचा कोहराम

News4Bihar | सारण: नगरा थाना क्षेत्र के अरवा कोठी गांव के समीप रविवार की देर शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.मृतक की पहचान अरवा कोठी गांव निवासी 55 वर्षीय योगेंद्र शर्मा के रूप में हुई है.बताया जाता है कि योगेंद्र शर्मा की नगरा-जालालपुर मुख्य पथ पर अरवा कोठी गांव के समीप साइकिल की दुकान है.रविवार की शाम वह सड़क पार करने के लिए सड़क किनारे खड़े थे.इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और बाइक चालक मौके से फरार हो गया.घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल योगेंद्र शर्मा को आनन-फानन में सीएचसी नगरा पहुंचाया गया.वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.पत्नी मीरा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.मृतक के तीन पुत्र शुभम शर्मा, रजत शर्मा एवं सुजीत शर्मा तथा दो पुत्रियां हैं.वहीं इस संबंध में नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है.मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है तथा बाइक चालक की पहचान एवं घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.