लक्ष्मी के जज्बे को सलाम! शिक्षक बनने का सपना, सांसद ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

News4Bihar | रूपेश मिश्रा  (कटिहार):  जन्म से दोनों हाथों से दिव्यांग होने के बावजूद अपने हौसले और मेहनत के दम पर पढ़ाई कर रही हसनगंज प्रखंड क्षेत्र की छात्रा लक्ष्मी कुमारी के सपनों को अब जनप्रतिनिधियों का साथ मिलने लगा है। लक्ष्मी की तस्वीर सामने आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल के बाद सोमवार को कटिहार सांसद तारिक अनवर भी छात्रा का हौसला बढ़ाने उसके विद्यालय पहुंचे। सांसद तारिक अनवर ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय भतौरिया पहुंचकर कक्षा चार की छात्रा लक्ष्मी कुमारी से मुलाकात की और उसकी पढ़ाई तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। लक्ष्मी ने शिक्षक बनने की इच्छा जताई। छात्रा के जज्बे से प्रभावित सांसद ने उसके सपने को साकार करने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान सांसद ने लक्ष्मी कुमारी को उपहार एवं शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी भले ही जन्म से दोनों हाथों से दिव्यांग है, लेकिन उसके हौसले बुलंद हैं विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वह जिस तरह अपने पैरों से लिखकर पढ़ाई कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणा है। लक्ष्मी शिक्षक बनना चाहती है और उसके हौसले को कभी कम नहीं होने दिया जाएगा। उसकी शिक्षा और भविष्य के सपनों को पूरा करने में उनकी ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा। सांसद ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता और सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। लक्ष्मी जैसी प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करने की जरूरत है।मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास सहित कई कांग्रेस नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।