News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार) : संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के आदेश के आलोक में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को कटिहार शहर में जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिले के जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,शिक्षकों और हजारों छात्र-छात्राओं सहित आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ समाहरणालय परिसर,कटिहार से हुआ। वहां से यात्रा अंबेडकर चौक,हनुमान मंदिर होते हुए कारगिल चौक से वापस समाहरणालय परिसर पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया।कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता,सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर,पुलिस पदाधिकारी तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हिस्सा लिया।तिरंगा यात्रा में शहर के आम नागरिकों,गणमान्य लोगों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा,सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।यात्रा के दौरान पूरा कटिहार शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज के साथ लोगों में उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना देखने को मिली।कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों को हर घर तिरंगा अभियान से जुडने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति गौरव और देशभक्त की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।उन्होनें जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।










