News4Bihar | रूपेश मिश्रा | कटिहार के अनाथालय रोड स्थित शनि मंदिर में बुधवार को शनि देव का 33वां जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार की रात विशेष जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक जागरण में शामिल रहे और भक्ति संगीत का आनंद लिया।
वहीं, बुधवार सुबह से ही शनि देव की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। विधि-विधान के साथ शनि देव की पूजा की गई। इसके बाद हवन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पूजा और हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं ने शनि देव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
जन्मोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।










