News4Bihar| सारण । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को सारण जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिला पदाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव की अगुवाई में आयोजित रैली में तरैया विधायक समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, कर्मी तथा सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में करीब 400 से अधिक बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारे लगाते हुए आम लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने रैली को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया।
म्युनिसिपल चौक से दरोगा राय चौक तक निकली रैली
तिरंगा रैली म्युनिसिपल चौक से शुरू होकर थाना चौक होते हुए दरोगा राय चौक तक पहुंची। इस दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। रैली में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
डीएम ने की घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि विद्यालयी बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से अभियान को नई ऊर्जा मिली है। नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सारण जिला मुख्यालय देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के उत्साहपूर्ण माहौल में नजर आया।










